मिरर मीडिया : जिला प्रशासन के सहयोग से केयर इंडिया ने 2 अक्तूबर 2021 से 26 फरवरी 2022 तक धनबाद जिले में एक लाख से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया। इस उपलब्धि को सिविल सर्जन कार्यालय में केयर इंडिया के सदस्यों ने केक काटकर सेलिब्रेट किया।

वैक्सीनेशन के नोडल पदाधिकारी डॉ विकास कुमार राणा ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से केयर इंडिया के सदस्यों ने सुदूरवर्ति क्षेत्रों में घर घर जाकर लोगों को वैक्सीन देने का काम किया। शनिवार को केयर इंडिया की कार्य अवधि समाप्त हुई है। टीम अब धनबाद से जा रही है। उन्होंने पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन के सहयोग से केयर इंडिया ने 2 अक्टूबर 2021 को आईएसएम शॉपिंग कांप्लेक्स में मेगा कैंप का आयोजन किया था। 7 अक्टूबर 2021 से टीका एक्सप्रेस के माध्यम से प्रतिदिन 500 से अधिक लोगों को वैक्सीन दिया जबकि टीका एक्सप्रेस का लक्ष्य प्रतिदिन ढाई सौ था। इसके माध्यम से सुदूर क्षेत्र के लाभार्थियों को डोर टू डोर, सब्जी बाजार, सभी दुकानों, मजदूरों, स्कूल में जाकर 15-17 वर्ष के विद्यार्थियों को टीका लगाया। इस तरह टीम ने शनिवार को टीका का एक लाख डोज पूरा किया।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ श्याम किशोर कांत, डिस्ट्रिक्ट डाटा एनालिस्ट बबलू कुमार सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे।