
धनबाद: टुसू पर्व के अवसर पर रविवार को शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।यह शोभा यात्रा सरायढेला के शिव मंदिर प्रांगण से रणधीर वर्मा चौक, डीआरएम आफिस, पूजा टाकीज, बेकारबांध, सिटी सेंटर, एसएसएलएनटी रोड होते हुए वापस रणधीर वर्मा चौक पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे समेत रैली में शामिल सभी लोग पारंपरिक गीत पर नृत्य करते नजर आए।
वहीं मीडिया से बात करते हुए लोगो ने बताया कि टुसू झारखंडियों का 15 दिवसीय पर्व है। पर्व अगहन संकरात से शुरू होता है। शहरीकरण के कारण धीरे धीरे टुसू पर्व विलुप्त हो रहा है। इसे बचाए रखना सबों का कर्तव्य है।क्योंकि यह महज पर्व नहीं, बल्कि झारखंड की संस्कृति व अस्मिता है। झारखंड की सभ्यता को बचाने के लिए धनबाद में शोभायात्रा निकाली गई।
बता दें कि टुसू पर्व झारखंड के पंचपरगना क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक है। यह पर्व नारी शक्ति के सम्मान व स्वाभिमान के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व ठंड के मौसम में धान की फसल काटने व दौनी करने के बाद आता है। यह पंचपरगना क्षेत्र में करीब एक महीने तक मनाया जाता है।