यह खुशी का नहीं, बल्कि दुख की घड़ी, CM चुने जाने के बाद आतिशी ने दी अपनी पहली प्रतिक्रिया

mirrormedia
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, आज दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। आप विधायकों की बैठक में आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और उनके इस्तीफे के बाद, आतिशी को इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।

आतिशी ने दी अपनी पहली प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद आतिशी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि यह खुशी का नहीं, बल्कि दुख की घड़ी है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री बनने पर कोई मुझे बधाई न दे, क्योंकि अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है।” आतिशी ने केजरीवाल के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यह जिम्मेदारी केजरीवाल के भरोसे और मार्गदर्शन में मिली है।

अरविंद केजरीवाल को बताया अपना गुरु

आतिशी ने अरविंद केजरीवाल को अपना गुरु बताते हुए कहा, “मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं एक सामान्य परिवार से आती हूं, लेकिन यह सिर्फ आम आदमी पार्टी में संभव है कि एक आम कार्यकर्ता को विधायक, मंत्री और फिर मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिले।”

केजरीवाल की गिरफ्तारी को बताया गलत

आतिशी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “केजरीवाल की गिरफ्तारी गलत है। भाजपा ने ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर उन्हें आबकारी मामले में फंसाया। दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल को ही फिर से मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।” आतिशी ने भरोसा जताया कि जल्द ही चुनाव होंगे और जनता फिर से केजरीवाल को जिताएगी।

भाजपा पर साधा निशाना

आतिशी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, “पिछले दो सालों में भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को परेशान करने के लिए कई षड्यंत्र रचे। उन्होंने झूठे भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर ईडी और सीबीआई को केजरीवाल के पीछे लगाया। इसके बावजूद केजरीवाल ने हार नहीं मानी और जनता की सेवा करते रहे।”

आतिशी ने यह भी कहा कि वह केजरीवाल के मार्गदर्शन में सरकार चलाएंगी और दिल्ली की जनता के हितों के लिए काम करेंगी।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views