Dhanbad: सघन जांच अभियान में 92 लाख से अधिक नकद बरामद, 7 वाहनों से जब्त की गई अवैध राशि

Uday Kumar Pandey
2 Min Read

मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन के निर्देशानुसार जिले में सघन जांच अभियान जारी है। मतदाताओं को प्रलोभित करने के लिए नगद राशि, शराब, और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम के लिए 11 इंटर स्टेट तथा 5 इंटर डिस्ट्रिक्ट चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां सभी प्रकार के वाहनों की कड़ाई से जांच की जा रही है।

बुधवार को जांच के दौरान महुदा, बैंक मोड़, धनसार, तोपचांची और अन्य थाना क्षेत्रों से 7 अलग-अलग वाहनों से कुल 92 लाख 24 हजार 181 रुपए नगद बरामद हुए।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो स्थित इंटर डिस्ट्रिक्ट चेक नाका से जांच के दौरान एक वाहन से 71 लाख 97 हजार रुपए और एक अन्य वाहन से 2 लाख रुपए बरामद हुए। इसके अलावा, बैंक मोड़ थाना क्षेत्र से 8 लाख 44 हजार 431 रुपए और धनसर थाना क्षेत्र से 3 लाख 59 हजार 950 रुपए की राशि मिली है।

चिरकुंडा थाना क्षेत्र के बराकर ब्रिज पर बनाए गए इंटर स्टेट चेक पोस्ट पर एक वाहन से 3 लाख 50 हजार और एक अन्य वाहन से 54 हजार रुपए, जबकि तोपचांची थाना क्षेत्र से 2 लाख 18 हजार 800 रुपए बरामद किए गए हैं।

यह सघन जांच अभियान मतदाताओं को प्रलोभित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चलाया जा रहा है, ताकि विधानसभा चुनाव में निष्पक्षता बनी रहे।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।