झारखंड में आज विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी, जिसमें पहले पोस्टल बैलेट और फिर ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। 81 विधानसभा सीटों पर हुए दो चरणों के मतदान में 66% से अधिक मतदाताओं ने हिस्सा लिया। झारखंड में यह चुनाव इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच प्रतिष्ठा की जंग बन गया है।
इंडिया गठबंधन बनाम एनडीए: कांटे की टक्कर
इस बार मुख्य मुकाबला इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच है। इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और वाम दल शामिल हैं। दूसरी ओर, एनडीए में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा (रा) हैं। इंडिया गठबंधन राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता पर काबिज होने की कोशिश कर रहा है, जबकि एनडीए सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है।
चंपई सोरेन का भावुक संदेश
एनडीए उम्मीदवार चंपई सोरेन ने ट्वीट कर कहा, “यही रात अंतिम… कल का सवेरा झारखंड के लिए नई शुरुआत लेकर आएगा। आइए, मिलकर सिर्फ सत्ता नहीं, व्यवस्था को भी बदलें। जय झारखंड!” उनके इस संदेश ने समर्थकों में जोश भर दिया है।
धनबाद में मतगणना केंद्रों पर हलचल
धनबाद जिले की 6 विधानसभा सीटों की मतगणना बरवाअड्डा कृषि बाजार में हो रही है। केंद्र के आसपास प्रमुख दलों के टेंट लगे हुए हैं। भाजपा के राज सिन्हा और कांग्रेस के जलेश्वर महतो समर्थकों के साथ रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। झरिया से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा नीरज सिंह के समर्थक लिट्टी-चिकेन का आनंद लेते नजर आए।
शांतिपूर्ण मतदान के बाद अब नतीजों की बारी
दोनों चरणों में झारखंड में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। अब सबकी नजरें नतीजों पर टिकी हैं। झारखंड की राजनीति में यह चुनाव एक नया मोड़ ला सकता है। चुनावी नतीजे राज्य के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेंगे।