लगान रसीद, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन इत्यादि से संबंधित समस्याओं को उपायुक्त ने सुनी
मिरर मीडिया : आमजनों की समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों के निष्पादन हेतु मंगलवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की शिकायतों को सुनकर उसके त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया।
ख़रीक़ाबाद, कुसुंडा से आई हुई एक महिला ने उपायुक्त को बताया कि बिरसा मुंडा पार्क में उन्हें एक दुकान आवंटित है। लॉकडाउन में पार्क बंद रहने के कारण उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने लॉक डाउन की अवधि का किराया माफ करने का अनुरोध उपायुक्त महोदय से किया।
गोविंदपुर से आए हुए एक व्यक्ति ने बताया की उन्होंने अपने भूमि की विवरणी ऑनलाइन कराने हेतु उन्होंने अंचल कार्यालय में 5 माह पूर्व आवेदन दिया है। उनके घर से अंचल की दूरी 40 किलोमीटर है। अंचल कार्यालय जाने पर टालमटोल किया जाता है। उन्होंने उपायुक्त से उनकी समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया।
चासनाला से आए हुए एक व्यक्ति ने उपायुक्त महोदय को बताया कि धनबाद नगर निगम द्वारा बिना उनकी सहमति के पानी का पाइप लाइन उनकी जमीन के नीचे बिछाया गया है। उक्त भूमि पर अब उनको घर बनाना है। वह नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त महोदय से सहयोग करने का अनुरोध किया।
गोविंदपुर से आई हुई एक महिला ने उपायुक्त को बताया कि उनके पति केंद्रीय कारा में सजा भुगत रहे हैं। उनके पति के नहीं रहने के कारण उनके घर की आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। उन्होंने उनके पति को पैरोल पर रिहा करवाने का अनुरोध उपायुक्त महोदय से किया।
इसी प्रकार कई लोगों ने उपायुक्त से मिलकर ऑनलाइन लगान रसीद, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन इत्यादि से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।