जनता दरबार में वृद्धा ने अवैध कब्जे के खिलाफ लगाई गुहार

KK Sagar
2 Min Read

एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।

जनता दरबार में डिगवाडीह की एक वृद्ध आदिवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले 22 वर्षों से अपनी आदिवासी खाते की जमीन पर रह रही हैं, लेकिन कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण किया जा रहा है। शिकायत पर झरिया अंचल कार्यालय ने जांच कर रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय को भेजी, लेकिन अवैध निर्माण करने वाले लोग बार-बार बुलाने के बावजूद हाजिर नहीं हो रहे। दूसरी ओर, निर्माण कार्य जारी है और महिला के आवास की नाली भी बंद कर दी गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने अंचल अधिकारी, झरिया को फोन कर तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया।

मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने किया निर्माण रोकने का अनुरोध

जनता दरबार में मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने मेमको मोड़ स्थित शाखा “शांति निवास” के सामने हो रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस शाखा में मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग महिला, पुरुष और बच्चे रहते हैं, और बाउंड्री वॉल के आगे हो रहे निर्माण से उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इस पर एडीएम ने अंचल अधिकारी, धनबाद को जांच का निर्देश दिया।

अन्य शिकायतें भी हुईं दर्ज

जनता दरबार में गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सहायता, जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने जैसी कई अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।

जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, जन शिकायत कोषांग के प्रधान लिपिक नंदकिशोर कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....