Homeदेशपद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन शुरू, 31 जुलाई अंतिम तिथि, ऐसे...

पद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन शुरू, 31 जुलाई अंतिम तिथि, ऐसे करें आवेदन

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: गृह मंत्रालय ने गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशों की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है।

तीन श्रेणियों में दिया जाता है पद्म सम्मान

भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदान किए जाते हैं। 1954 में स्थापित यह पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं—

  • पद्म विभूषण: असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए
  • पद्म भूषण: उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए
  • पद्म श्री: किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए

गुमनाम नायकों को भी मिल रहा है सम्मान

अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से सरकार ने ऐसे गुमनाम नायकों को भी पद्म सम्मान देना शुरू किया है जो चुपचाप समाज की सेवा कर रहे हैं। यह बदलाव इन सम्मानों की लोकतांत्रिक छवि को और भी सशक्त करता है।

सभी क्षेत्रों के लिए खुला है मंच

ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे विविध क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।

जाति, लिंग, व्यवसाय या पद के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। हालांकि, डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर, किसी भी सार्वजनिक उपक्रम में कार्यरत सरकारी कर्मचारी इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं होते।

ऑनलाइन पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन

नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 31 जुलाई 2025 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। नामांकन में संबंधित व्यक्ति या संस्था की विस्तृत जानकारी, कार्यों का संक्षिप्त विवरण और उपलब्धियाँ शामिल करना अनिवार्य होगा।

समाज के सच्चे नायकों को मिले मान्यता

गृह मंत्रालय ने अपील की है कि समाज के ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें नामांकित किया जाए जिन्होंने बिना किसी प्रचार के जनसेवा में विशेष योगदान दिया है। इससे देश के सच्चे नायकों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलेगा।

Most Popular