प्रशांत किशोर पर मानहानि का मुकदमा करेंगे मंत्री अशोक चौधरी, जानें क्या है मामला

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होनें हैं। इससे पहले राज्य का राजनीतिक पारा हाई है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर सरगर्मी और बढ़ा दी है।प्रशांत किशोर ने मंत्री अशोक चौधरी पर टिकट खरीदकर बेटी को सांसद बनाने का आरोप लगाया था। इस बयान को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर पर मानहानि का मामला दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।

मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी
जदयू नेता अशोक चौधरी ने शनिवार को कहा कि जन सुराज के प्रशांत किशोर ने जो कहा है, उसके लिए उनके खिलाफ मानहानि का केस करेंगे और लड़ेंगे। उन्होंने कहा, हम दलित परिवार से आते हैं, हम तलवार लेकर तो लड़ नहीं सकते। हमारे पास जो भी सामान्य नागरिकों के संसाधन हैं, हम उन्हीं का प्रयोग करेंगे और हमें लगता है कि हमें न्याय मिलेगा।मैं अपने कानूनी लोगों से विचार विमर्श करके उन पर मानहानि का मुकदमा करूंगा।

बेटी को टिकट खरीदकर सांसद बनवाने का आरोप
राजनीतिक दल जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर इन दिनों ‘जन सुराज उद्घोष यात्रा’ के तहत बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस क्रम में जमुई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा था कि नीतीश सरकार के मंत्री अशोक चौधरी का राजनीतिक चरित्र क्या है, यह सभी जानते हैं। उन्होंने अपनी बेटी को टिकट खरीदकर सांसद बनवाया। बिहार के किसी नेता या पार्टी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह हम पर एक रुपया भी लेने का आरोप लगा सके। बता दें कि अशोक चौधरी की पुत्री शांभवी चौधरी लोजपा (रामविलास) की सांसद हैं।

Advertisement

अशोक चौधरी ने जन सुराज के फंड पर उठाया था सवाल
पीके ने आगे कहा कि कहा था, मैं न तो विधायक हूं, न सांसद, न ही बालू माफिया या शराब माफिया के लिए काम करता हूं। मैंने जो भी धन अर्जित किया है, वह अपनी बुद्धि और मेहनत से किया है। मैं जो भी संसाधन खर्च कर रहा हूं, वह बिहार के गरीब लोगों के लिए खर्च कर रहा हूं, ताकि पैसे के अभाव में उन्हें राजनीति से दूर न रहना पड़े। इससे पहले अशोक चौधरी ने जन सुराज को मिल रहे फंड को लेकर सवाल उठाया था।

Share This Article