धनबाद/हजारीबाग: रविवार को झारखंड के झरिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। झरिया चार नंबर क्षेत्र के एक ही परिवार के 9 सदस्य हजारीबाग जिले के सरिया जाते समय भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज फिलहाल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में चल रहा है।
परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदार के मुंहझूठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झरिया से निकले थे। पहले ये लोग ट्रेन से धनबाद से हजारीबाग पहुंचे और वहां से एक ऑटो किराए पर लेकर सरिया की ओर रवाना हुए। रास्ते में अचानक एक अनियंत्रित टोचन वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया, जिससे ऑटो में सवार सभी 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताकर धनबाद रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार घायलों में 6 महिलाएं, एक बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं, सभी की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और अस्पताल में माहौल गमगीन बना हुआ है।