Jamshedpur News :ग्रामीण विकास को गति, सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की कोशिश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जिले के विभिन्न प्रखंडों व नगर निकाय क्षेत्रों के लिए नामित नोडल पदाधिकारियों द्वारा सरकार की प्रमुख विकासात्मक व जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा के लिए पंचायत व नगर निकाय क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए दीपांकर चौधरी ने घाटशिला का भादुवा पंचायत, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार ने बोड़ाम प्रखंड के बोड़ाम पंचायत, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने पटमदा प्रखंड के बिडरा पंचायत, एसओआर राहुल आनंद ने धालभूमगढ़ प्रखंड का कोकपाड़ा पंचायत, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र ने चाकुलिया प्रखंड का चालुनिया पंचायत, डीसीएलआर घाटशिला नीत निखिल सुरीन ने बहरागोड़ा प्रखंड का बहुलिया पंचायत, डीसीएलआर गौतम कुमार ने पोटका प्रखंड के हाड़तोपा पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान, पंचायत भवन व स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा और लाभुकों से सीधे संवाद कर योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

अन्य संबंधित नोडल पदाधिकारियों ने मुसाबनी प्रखंड का बेनाशोल पंचायत, जमशेदपुर सदर प्रखंड के पुड़ीहासा पंचायत, घाटशिला अनुमंडल के भादुवा पंचायत, डुमरिया प्रखंड का पलाशबनी पंचायत, गुड़ाबांदा प्रखंड का अंगारपाड़ा पंचायत तथा शहरी क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर अक्षेस, जुगसलाई नगर परिषद व मानगो नगर निगम क्षेत्र में सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों, लाभुकों, महिला समूहों से संवाद स्थापित कर योजनाओं की पहुंच, पारदर्शिता व प्रभावशीलता पर जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के बाद प्रखंड व निकाय के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए जिससे योजनाओं के कार्यान्वयन में गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

Share This Article