डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के बड़े मामले में मुख्य आरोपी पंचायत सचिव सुनील महतो का आज निधन हो गया। कई बीमारियों से जूझ रहे सुनील महतो को इस मामले में जेल भेजे जाने के बाद जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें हाई शुगर और किडनी की समस्या जैसी गंभीर बीमारियां थीं। आज 7 जून 2025 को सुबह-सुबह उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मूल रूप से धालभूमगढ़ प्रखंड के मुड़ाकाटी गांव के रहने वाले सुनील महतो कई सालों से चाकुलिया प्रखंड में पंचायत सचिव की नौकरी कर रहे थे और अगले साल रिटायर होने वाले थे। अप्रैल 2025 में इस फर्जीवाड़े का पता चला, जब मटियाबांधी पंचायत से हजारों नकली जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने की शिकायत मिली।
आरोप था कि नियम तोड़कर और गलत तरीके से इन प्रमाण पत्रों को बनाया गया, जिसमें अलग-अलग इलाकों के लोगों के नाम शामिल थे। 3 मई 2025 को पुलिस ने सुनील महतो समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में 4281 फर्जी प्रमाण पत्र रद्द करने का फैसला हुआ और पांच लोग इस घोटाले में शामिल पाए गए। सुनील महतो की मौत के बाद इस मामले की आगे की जांच पर असर पड़ सकता है।