कांग्रेसियों ने पुण्यतिथि पर किया संजय गांधी को याद, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सराहा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र और कांग्रेस के युवा नेता संजय गांधी की पुण्यतिथि सोमवार को कांग्रेस भवन चाईबासा में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित कांग्रेसियों ने उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने संजय गांधी को “युवा हृदय सम्राट” बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने छोटे से कार्यकाल में इंदिरा गांधी के बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अलावा अपने स्वयं के महत्वपूर्ण सूत्र स्थापित किए। राय ने इस बात पर जोर दिया कि संजय गांधी ने देश के युवाओं को एक नई दिशा दी और उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर एकजुट किया।

उनके द्वारा दिए गए पांच सूत्र – दहेज उन्मूलन, परिवार नियोजन, श्रमदान, पौधारोपण, शिक्षा को बढ़ावा और जाति प्रथा उन्मूलन – को आज भी प्रासंगिक बताया गया।

Advertisement

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसियों ने एक स्वर में संजय गांधी के बताए रास्ते पर चलने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संजय गांधी भारतीय राजनीति के एक प्रखर युवा दृष्टा, परिवर्तन के प्रतीक और संगठन को नई सोच व दिशा देने वाले नेता थे। उनका ओजस्वी व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणा देती रहेगी। उनके विचार और कार्य भारत के लिए पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।

इस मौके पर कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला महासचिव कैरा बिरुवा, अशोक बारीक, युवा कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, शिक्षा विभाग के चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सिकुर गोप, वरीय कांग्रेसी राजेंद्र कच्छप, सुरसेन टोपनो, विजय सिंह तुबिद, विजय सिंह, सुशील दास, सुभाष राम तुरी, नंद गोपाल दास, शत्रुघ्न तियु, आलोक मजूमदार और चोकरो गोप शामिल थे।

Share This Article