बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गर्म है। भले ही चुनावी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक दल चुनावी रणनीति तय करने में लगे हैं। जनता के बीच खुद को साबित करने में लगे नेता एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। जन सुराज भी इस चुनाव में खुद को स्थापित करने को लेकर लगी हुई है। इस बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

दिल्ली में बैठकर बिहारियों का मजाक उड़ाते हैं-पीके
प्रशांत किशोर ने न्यूज एजेंसी एएनआई को साक्षात्कार दिया है। एएनआई को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। प्रशांत किशोर ने कहा कि क्या राहुल गांधी ने बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई है? वो पूरे जीवन में एक रात बिहार में नहीं बिताई है। वे दिल्ली में बैठकर बिहारियों का मजाक उड़ाते हैं और फिर यहां हमें ज्ञान देते हैं।
पीके का राहुल पर तंज
प्रशांत किशोर ने इंटरव्यू में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार आते-जाते रहते हैं, लेकिन वास्तव में कोई यात्रा नहीं करते। अगर राहुल गांधी ने कभी बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई हो, तो मुझे बताएं। अगर वे किसी गांव में एक रात भी बिता सकें, तो हम इसे स्वीकार करेंगे।
कांग्रेस ने बिहार के लिए क्या किया?
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि राजीव गांधी ने 1989 में गांधी मैदान से घोषणा की थी कि वे बिहार के विकास के लिए 50,000 करोड़ रुपये देंगे, वह पैसा कहां गया? बिहार को डेवलपमेंट हब बनाऊंगा क्या किया? उसके बाद, कांग्रेस 15 साल तक केंद्र में सत्ता में रही। तब उन्होंने बिहार के लिए क्या किया?
नीतीश पर भी साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। पीके ने कहा, नीतीश कुमार के आने के बाद से एक धारणा बना दी गई थी ये पढ़े लिखे व्यक्ति हैं और शिक्षा के क्षेत्र में इन्होंने सुधार किया है। लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि बिहार में आज शिक्षा की स्थिति लालू यादव के राज से भी ज्यादा खराब है।