दरभंगा के केवटी BDO पर EOU की रेड, आय के अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर एक्शन जारी है। इसी क्रम में दरभंगा के केवटी प्रखंड की बीडीओ चन्द्रमोहन पासवान पर आर्थिक अपराध इकाई का शिकंजा कसा है। ईओयू ने बीडीओ चन्द्रमोहन पासवान के छह ठिकानों पर छापा मारा है।

निगरानी की विशेष अदालत से अनुमति के बाद कार्रवाई

ईओयू को बीडीओ चंद्र मोहन पासवान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद केवटी बीडीओ के विरूद्ध ज्ञात आय से अधिक सम्पति अर्जित करने के मामले में 26 मई को आर्थिक अपराध इकाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी की अनुमति ली गई।

डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई

आज सुबह पटना से आर्थिक अपराध इकाई की दो टीम वहां छापामारी करने आई है। ईओयू की छापेमारी कार्रवाई डीएसपी राजन कुमार के नेतृत्व  में हुई। जानकारी के अनुसार, केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर के पीछे स्थित सरकारी आवास, दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित निजी आवास, मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित पैतृक घर तथा सीतामढ़ी स्थित ससुराल समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई की गई।

आय से लगभग 81 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति

जांच एजेंसियों के मुताबिक चन्द्रमोहन पासवान पर करीब 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 81 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है। इसी आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है।

Share This Article