सावधान! जमशेदपुर में आज आ रहा है ‘थंडरस्क्वाल’, धूल भरी आंधी के साथ ओलावृष्टि की आशंका

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झुलसाने वाली गर्मी से परेशान जमशेदपुर और इसके आस-पास के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में बादलों का डेरा रहेगा और गरज-चमक के साथ तेज आंधी-बारिश होने की पूरी संभावना है। बुधवार के लिए विभाग ने विशेष रूप से ‘थंडरस्क्वाल’ (अचानक तेज हवा, मूसलाधार बारिश या ओलावृष्टि) का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

मुख्य बातें
राहत की बौछार: अगले कुछ दिनों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
7 डिग्री तक गिरेगा पारा: एक सप्ताह के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।

अगले 5 दिनों का मौसम
​मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक 28 मई से तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
27 मई (आज): आसमान में बादल छाए रहेंगे। 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश की चेतावनी है। अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है।
28 मई: हवा की रफ्तार 40-50 किमी/घंटे रहेगी। पारा लुढ़कना शुरू होगा और अधिकतम तापमान घटकर 39.0°C पर आ जाएगा।
29 मई: तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तापमान गिरकर अधिकतम 37°C और न्यूनतम 24°C तक आ सकता है।
30 मई से 1 जून: मौसम पूरी तरह सुहावना हो जाएगा। लगातार बारिश या गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी और अधिकतम तापमान 35.0°C तक पहुंच जाएगा।

पिछले 24 घंटों का हाल
​इससे पहले मंगलवार को जमशेदपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा गया। यहां का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी (आर्द्रता) 65 प्रतिशत थी, जो शाम होते-होते घटकर 22 प्रतिशत पर आ गई। दोपहर के बाद से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन बारिश न होने से उमस बनी रही।

Share This Article