राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एक्शन, सभी 8 आरोपियों के घर पुलिस का छापा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में एक्शन जारी है। रविवार सुबह आठों आरोपियों के घर पर पुलिस ने एकसाथ छापा मारा। इस दौरान परिजनों से पूछताछ की और घर की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान 79.85 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

सभी आठ आरोपियों के घर एक साथ दबिश

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के सभी आठ आरोपियों के घर रविवार को सुबह पुलिस ने एक साथ दबिश दी। टीमें एक साथ सभी के घर पहुंची। घरवालों से पूछताछ शुरू की। साथ ही पड़ोसियों से बातचीत करके जानकारी जुटाई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घरों के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि जांच में किसी प्रकार का व्यवधान न हो और अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोका जा सके।

अब तक आरोपियों से करीब 79 लाख बरामद

इस मामले में अब तक आरोपियों से करीब 79 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक करीब 20 लाख रुपये अविनाश शुक्ला के पास से बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी आरोपियों के आवासों पर साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन जांच कर रही है।

6 जून को सामने आया था चंदा चोरी का मामला

बता दें कि 6 जून को राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सामने आया था। बाद में मंदिर ट्रस्ट की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने एसआईटी गठित की। दो दिन पहले एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी। इसके बाद बृहस्पतिवार की शाम को मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन ने गणना में शामिल कर्मियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्रा व पर्यवेक्षणीय कर्मी सुभाष श्रीवास्तव व महासचिव चंपत राय के चालक रामशंकर उर्फ टिन्नू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

Share This Article