डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : शहर के विकास कार्यो में लेटलतीफी और ढिलाई बरतने वाली एजेंसियों पर अब गाज गिरना तय है। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि जनहित की योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उपायुक्त ने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक एकरारनामा न करने वाली एजेंसियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि तय समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर टेंडर रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जाए।
कचरा प्रबंधन: जुगाड़ नहीं, चाहिए स्थायी समाधान
ठोस कचरा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए DC ने अधिकारियों को फटकार लगाई कि कचरा निस्तारण के लिए केवल अस्थायी व्यवस्था से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कचरा संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और निस्तारण के लिए एक मजबूत और स्थायी सिस्टम बनाने का आदेश दिया।
जलजमाव और सफाई: रोस्टर बनाकर होगी नालियों की सफाई
शहर में जलजमाव की समस्या पर उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि नालियों की सफाई सिर्फ जनता की शिकायत आने का इंतजार किए बिना की जाए।
सभी निकायों में सफाई के लिए नियमित रोस्टर बनेगा। जलजमाव वाले संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष सफाई अभियान चलेगा।
शिकायतों के तुरंत निपटारे के लिए निकाय स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग टीम तैनात रहेगी।
महिला सुरक्षा और स्ट्रीट लाइट: थानों से बनेगी डार्क स्पॉट्स की सूची
शहर के अंधेरे और संवेदनशील इलाकों में अपराध व दुर्घटनाएं रोकने के लिए पुलिस थानों की मदद ली जाएगी। थानों से ऐसे डार्क स्पॉट्स की सूची मांगकर वहां प्राथमिकता के आधार पर स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
PMAY लाभुकों को राहत: बैंक लोन में देरी पर सख्त रुख
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों में बैंक लोन के कारण आ रही रुकावटों पर उपायुक्त ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सीधे बैंकों के साथ समन्वय बनाकर पात्र लाभुकों के लोन संबंधी मामलों को तुरंत क्लियर करवाएं ताकि निर्माण कार्य न रुके।
आवारा पशुओं से निजात और चाकुलिया बायो-डाइवर्सिटी पार्क
एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर: शहर में आवारा पशुओं और कुत्तों के प्रबंधन के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर और डॉग शेल्टर निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
चाकुलिया पार्क: चाकुलिया में बनने वाले बायो-डाइवर्सिटी पार्क के एप्रोच रोड (संपर्क पथ) के काम में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों से तालमेल बिठाने को कहा गया।
अधिकारियों को DC का अंतिम संदेश
नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। सभी अधिकारी दफ्तरों से निकलकर नियमित फील्ड निरीक्षण करें और जारी योजनाओं की गुणवत्ता की खुद निगरानी करें।

