धनबाद: लगातार बढ़ते विरोध और अभिभावकों के धरना-प्रदर्शन के बीच जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय धनबाद ने बड़ी पहल की है। 18 अप्रैल को जारी पत्र के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय शुल्क समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
यह बैठक उपायुक्त धनबाद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में दोपहर 3 बजे आयोजित होगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षा अधिकारियों और निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, पिछले कई दिनों से अभिभावक निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं। री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूली, मनमाने ढंग से फीस बढ़ोतरी, स्कूल ड्रेस और किताबों की जबरन खरीद जैसे मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
अभिभावकों की मांग है कि निजी स्कूलों की इस मनमानी पर तुरंत रोक लगाई जाए और फीस संरचना को पारदर्शी बनाया जाए।
अब प्रशासन द्वारा बुलाई गई इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इसमें अभिभावकों की समस्याओं पर ठोस निर्णय लिया जाएगा और निजी स्कूलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।
फिलहाल पूरे मामले पर जिले के अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की नजरें 22 अप्रैल की इस बैठक पर टिकी हुई हैं।

