डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित यातायात व सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक में यह साफ संदेश दिया गया कि नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सामने आया कि अकेले जून महीने में ही यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान 475 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं, जबकि नियम तोड़ने वालों से ₹27,25,150 का जुर्माना वसूला गया।
दुर्घटनाओं की मुख्य वजह: रॉन्ग साइड और ओवरस्पीडिंग
बैठक के दौरान जून माह में घटी 24 सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई, जिनमें 11 लोगों की दुखद मौत हुई और 15 लोग घायल हुए।
समीक्षा में पाया गया कि दुर्घटनाओं के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग खास वजह रहे।
उपायुक्त का कड़ा निर्देश: लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सिर्फ जुर्माना लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे चालकों का लाइसेंस रद्द करें। साथ ही यात्री वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और स्कूल वैन में ओवरलोडिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया है।
NHAI, पुलिस और RCD को मिले ये सख्त निर्देश
NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी): अगले एक महीने के भीतर नेशनल हाईवे पर स्पीड गन लगाने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने का निर्देश।
ट्रैफिक पुलिस: हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ निरंतर जांच अभियान चलाकर जुर्माना वसूलने की हिदायत।
ग्रामीण क्षेत्र: हाट-बाजार वाले दिनों में विशेष रूप से ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश।
आर.सी.डी. (पथ निर्माण विभाग): सलगाजुड़ी हनुमान मंदिर के पास कॉन्केव मिरर व साइनेज लगाने तथा डिमना चौक से डिमना लेक मार्ग की मरम्मती व साइनेज लगाने के आदेश।
पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा देने पर जोर
बैठक में हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा योजना के तहत लंबित मुआवजा मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को मिलने वाली सहायता राशि का भुगतान बिना किसी देरी के जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए स्कूल और कॉलेजों में विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
अन्य मुख्य आंकड़े (जून माह)
लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस जारी हुए: 3,530
परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत हुए: 1,521
इस महत्वपूर्ण बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, रूरल एसपी, एसडीएम धालभूम, डीटीओ, एनएचएआई और प्रशासनिक व पुलिस विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

