बांकीपुर में हार के बाद आरजेडी में बढ़ी तकरार, भाई वीरेंद्र ने शक्ति यादव को दी “कच्चा चिट्ठा” खोलने की चेतावनी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बांकीपुर उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेजी) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर बयानबाजी तेज हो गई है। आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने अब खुलकर एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है।

भाई वीरेंद्र की सलाह पर शक्ति यादव का पलटवार

एक दिन पहले ही भाई वीरेंद्र ने कहा था कि तेजस्वी यादव के आसपास मौजूद लोगों को हटाने की जरूरत है। उनका मानना था कि ऐसे लोग पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भाई वीरेंद्र के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि पहले भाई वीरेंद्र यह बताएं कि उन्होंने पार्टी के लिए क्या किया है।

“कच्चा चिट्ठा” खोलने की चेतावनी

शक्ति यादव की टिप्पणी पर भाई वीरेंद्र भड़क गए। जिसके बाद उन्होंने न सिर्फ शक्ति यादव को खामोश रहने की नसीहत दी, बल्कि कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनका “कच्चा चिट्ठा” खोलने की भी चेतावनी दे डाली।

2010 से आरजेडी के साथ मजबूती से खड़े- भाई वीरेंद्र

भाई वीरेंद्र ने कहा कि वर्ष 2010 में जब आरजेडी के 22 विधायक थे, तब भी वह पार्टी के साथ थे। आज भी वह लालू यादव और तेजस्वी यादव के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कई नेता समय के साथ बदल गए, लेकिन उन्होंने कभी अपना राजनीतिक रास्ता नहीं बदला।

भाई वीरेन्द्र के गंभीर आरोप

आरजेडी विधायक ने कहा कि वे राजनीति कर रहे हैं, तो तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग तेजस्वी यादव का नाम लेकर निजी लाभ उठाने का काम कर रहे हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा, तुम लोग तेजस्वी यादव का चेहरा दिखा कर लोगों से माल वसूलने का काम करते हो। मुलाकात कराने का काम करते हो।

Share This Article