बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एआई समिट के उद्घाटन के दौरान मंच से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर करारा पलटवार किया। दरअसल, बिहार में इन दिनों लगातार अपराधियों का एनकाउंटर हो रहा है। इसपर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस विशेष जाति का एनकाउंटर कर रही है। अब सीएम ने इशारों-इशारों में तेजस्वी पर तंज कसा है।
‘हरा गमछा’ के बहाने निशाना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित ‘बिहार एआई समिट-2026’ का उद्घाटन किया। एआई समिट के उद्घाटन सत्र के दौरान उन्होंने ऐसी बात कही कि कुछ लोग हंसने लगे और कुछ लोग गंभीर हो गए। कुछ ने ताली भी बजाई। उन्होंने ‘हरा गमछा’ रखने वालों का उदाहरण देते हुए कहा कि पटना में करीब चार हजार एआई कैमरे लगे हुए हैं। अगर एक बार एक बार एआई से कह दिया जाए, तो वो तुरंत सभी हरा गमछा वाले को पकड़ लेगा। ये कहते हुए सीएम मुस्कुरा रहे थे।
इशारों में बड़ा जवाब
उसके बाद सीएम ने सफाई देते हुए कहा कि किसी खास व्यक्ति और विशेष की ओर मेरा इशारा नहीं है। आरजेडी के लोग हरा गमछा इस्तेमाल करते हैं। अब इन दिनों उसका स्थान टोपी ले रही है। दरअसल, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस गंभीर आरोपों पर सम्राट चौधरी का सीधा पलटवार किया, जिसमें उन्होंने सरकार पर जाति देखकर एनकाउंटर और कानूनी कार्रवाई करने का बड़ा आरोप लगाया था। तेजस्वी यादव के इसी बयान को आधार बनाकर मुख्यमंत्री ने मंच से अपराधियों की जाति न होने की बात कही।
सीएम बोले-अपराधियों की कोई जाति नहीं होती
हम पूछना चाहते हैं कि पुलिस अब अपराधियों की जाति पूछ कर गोली मारेगी क्या? क्या ऐसा करना सही होगा। हमारी पुलिस को पूरी छूट है कि अपराधी को अपराधी की तरह ट्रीट किया जाए। अपराधी की कोई जाति और धर्म नहीं होती। उसके साथ केवल अपराधियों जैसा व्यवहार करना पड़ता है। अगर कोई भी आदमी बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था से छेड़छाड़ करेगा। उसके लिए जाति और धर्म बाधा नहीं बनेगी। राज्य में कानून का राज स्थापित है।
मुख्यमंत्रा ने बताई टेक्नॉलोजी की ताकत
दो दिवसीय AI समिट कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने टेक्नॉलोजी की ताकत को बतायी। सम्राट चौधरी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक बिहार के विकास की नई दिशा तय करेंगे। सम्राट ने कहा कि युवा शक्ति, स्टार्टअप्स और नवाचार के बल पर बिहार डिजिटल क्रांति का अग्रणी राज्य बने, यही हमारा संकल्प है। AI आधारित विकास से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाएगा।
अब तकनीक से बिहार को नई ऊंचाई देने का समय- सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में मोबाइल और इंटरनेट का तेजी से विस्तार हुआ है और एआई तकनीक शासन-प्रशासन के लिए बड़ा सहायक साबित हो रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास ने राज्य को नई पहचान दी है। अब तकनीक के जरिए बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाने का समय है। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय को फाइनेंशियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा और राज्य में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा।

