जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बीच में पेपर लीक की घटनाओं पर पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि पेपर लीक के मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे, ताकि मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके और दोषियों को समय रहते सजा मिल सके।
पीएम मोदी का सोशल मीडिया पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने कहा, पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने, मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।
दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेंगे-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस संबंध में संबंधित विभागों और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार फैसले ले रही है और यह उसी दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पेपर लीक को लेकर दबाव में सरकार
बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र नीट पेपर लीक मामले को लेकर धरना प्रदर्शन दे रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों के साथ विपक्षी दल भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं। सरकार इस मसले पर पूरी तरह से घिर चुकी है। इस बीच प्रधानमंत्री ने ये बड़ी घोषणा की है।

