पलामू – मनरेगा में 1.52 लाख रुपये के घोटाले का आरोप, फर्जी एमबी और हाजिरी बनाकर राशि निकासी का मामला उजागर

KK Sagar
3 Min Read

लाभुक का आरोप: बिना काम पूरा किए निकाल ली गई पूरी राशि, जांच की मांग तेज

पलामू (मनातू)। पलामू जिले के मनातू प्रखंड की नौडीहा पंचायत अंतर्गत कुसमाटांड गांव में मनरेगा योजना में बड़े वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। लाभुक ने आरोप लगाया है कि सिंचाई कूप निर्माण योजना में फर्जी मेजरमेंट बुक (एमबी) और फर्जी मजदूरों की हाजिरी बनाकर 1 लाख 52 हजार 320 रुपये की निकासी कर ली गई, जबकि कार्य पूरा नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुसमाटांड निवासी इनायत मियां के नाम पर सिंचाई कूप निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। योजना का वर्क कोड 2927447 है। लाभुक का आरोप है कि कनीय अभियंता (जेई) नवीन कुमार नीरज ने बिना कार्य पूरा हुए फर्जी एमबी तैयार की और फर्जी मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कराकर पूरी राशि का भुगतान करवा दिया।

इनायत मियां ने बताया कि कूप निर्माण का जिम्मा गांव के ही मुनन अंसारी को दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुनन अंसारी ने ब्लॉक अधिकारियों को “पगड़ी” देने की बात कहकर पहले ही 12 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बाद कुछ दिनों तक काम कराया गया, लेकिन फिर निर्माण कार्य लंबे समय तक बंद पड़ा रहा। बावजूद इसके योजना की पूरी राशि निकाल ली गई।

लाभुक का कहना है कि न तो उनसे किसी मास्टर रोल पर हस्ताक्षर कराए गए और न ही उन्हें भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जब राशि निकासी की जानकारी मिली तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मामले में कनीय अभियंता नवीन कुमार नीरज ने कहा कि उन्होंने एमबी बुक किया था, लेकिन पूरी राशि की निकासी की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि राशि किस प्रकार निकाली गई, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

वहीं मनातू प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मदन कुमार सुमन ने कहा कि लाभुक द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का आरोप है कि मामला सामने आने के बाद भी अब तक विभागीय स्तर पर कोई जांच शुरू नहीं हुई है। ऐसे में योजना में हुए कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....