बिहार के कटिहार में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल हो गए। यह हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के गेराबाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ, जहां बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
पीएम मोदी ने की मदद की घोषणा
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि बिहार के कटिहार में हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री ने पीएम राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वे इस घटना से मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। उनके निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके समुचित इलाज का निर्देश दिया।
देवघर से लौट रहे थे श्रद्धालु
यह हादसा कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित एनएच-31 पर बनगढ़ा चौक के पास हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि पूर्णिया के शोभा से देवघर दर्शन के लिए गए थे। बाबा नगरी देवघर में पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। जब वे कटिहार के गेड़ाबाड़ी के पास पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी, जिसमें 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

