बकरीद 2026: जमशेदपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं, DC-SSP की दोटूक

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में एक हाई-लेवल शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने साफ कर दिया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग करने या अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

सोशल मीडिया पर तीसरी आंख का पहरा, अफवाहबाजों पर होगी जेल
​बैठक में सबसे ज्यादा जोर सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग पर रहा। जिला प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि ​सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक या बिना पुष्टि वाली खबरों को शेयर न करें। अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सीधे प्रशासन से संपर्क कर सच्चाई का पता लगाएं। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और असामाजिक तत्वों और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुनियादी सुविधाओं पर फोकस: बिजली, पानी और साफ-सफाई के कड़े निर्देश
​त्योहार के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। बैठक में बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर कड़े फैसले लिए गए।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था: शहर के सभी संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी।
यातायात प्रबंधन: भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ट्रैफिक रूट डायवर्जन और बेहतर पार्किंग की व्यवस्था होगी।
विशेष साफ-सफाई: त्योहार के मद्देनजर मस्जिदों, ईदगाहों और प्रमुख चौराहों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
बिजली और पानी की सप्लाई: पर्व के दौरान पूरे जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने की भाईचारे की अपील
​उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी जिलेवासियों से अपील किया है कि आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ बकरीद का त्योहार मनाएं। जिला प्रशासन बुनियादी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित कर रहा है। कोई भी समस्या होने पर तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी अधिकारी को सूचित करें।

एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में हर नागरिक और समुदाय की भूमिका अहम है। किसी भी अपुष्ट खबर को फॉरवर्ड करने से बचें और प्रशासन से उसका वेरिफिकेशन जरूर कराएं।

बैठक में ये रहे मौजूद
इस अहम बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एसडीएम घाटशिला समेत जिले के सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और शांति समिति के प्रबुद्ध सदस्य उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि शहर में आपसी एकता और सौहार्द का माहौल कायम रहेगा।

Share This Article