भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगी आग, 1 बोगी जलकर राख

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सवारी गाड़ी अचानक धधक उठी। सोमवार की सुबह-सुबह हुआ प्लेटफॉर्म पर खड़ी भभुआ सासाराम पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी से धुआं उठने लगा। इसके बाद उसमें आग भड़क गई।

शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

घटना सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में भड़की आग

बताया जा रहा है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी, तभी अचानक से जनरल बोगी से धुआं उठना शुरू हुआ। इसके बाद आग भड़क उठी। बोगी में इस दौरान यात्री भी थे। लेकिन आग लगते ही सारे यात्री बाहर आ गए। थोड़ी देर के लिए भगदड़ की स्थिति भी बन गई। कई यात्री तो अपना सामान छोड़ कर भागने लगे।

बड़ा हादसा टला

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटा

इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिसे बाद में ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और कोच में आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

व्यवस्था की कमी का आरोप
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रबंधन की नाकामी के कारण ट्रेन को ज्यादा नुकसान हुआ। लोगों ने बताया कि ट्रेन में रिफिलिंग के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में न तो पानी था और न ही रेलवे के अग्निशमन सिलेंडरों में गैस थी। रेलवे प्रबंधन की लापरवाही के कारण शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका और देखते ही देखते ट्रेन की बोगियां धधक उठीं।

Share This Article