डीआरएम अखिलेश मिश्र ने चोपन स्टेशन का किया निरीक्षण, सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश
धनबाद: धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने शनिवार को चोपन स्टेशन, चोपन कंट्रोल कार्यालय, एसीसी सीमेंट सलाईबनवा साइडिंग और चोपन पिट लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री एवं मालगाड़ी परिचालन, संरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और रखरखाव कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल संचालन में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के बाद अखिलेश मिश्र ने चोपन से चुनार मार्ग के रास्ते उत्तर मध्य रेलवे के लिए रवाना किए गए 100वें लॉन्ग हॉल माल रैक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धनबाद मंडल के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जो माल परिवहन क्षमता बढ़ाने और परिचालन दक्षता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
रेल अधिकारियों के अनुसार, इस उपलब्धि से माल ढुलाई की क्षमता में बढ़ोतरी होगी और औद्योगिक इकाइयों को तेज, समयबद्ध एवं भरोसेमंद रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। इस मौके पर मंडल के कई अधिकारी और रेल कर्मचारी भी मौजूद रहे।

