धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में गुरुवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन-रात चले इस विशेष अभियान के दौरान रेलवे की विभिन्न टीमों ने स्टेशनों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाकर बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा कर रहे यात्रियों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल 1140 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत श्रेणी में सफर करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। रेलवे ने इन यात्रियों से जुर्माने के तौर पर करीब 7 लाख 40 हजार रुपये की राशि वसूली।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सुनियोजित तरीके से पूरे मंडल में चलाया गया, ताकि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके और रेलवे को होने वाले राजस्व नुकसान पर रोक लगाई जा सके। जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ भी देखने को मिली।
धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे ने साफ किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

