बंगाल की शराब, बिहार में खपाने की तैयारी: धनबाद स्टेशन से 11 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर धाराया

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद जंक्शन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और CIB की संयुक्त स्पेशल टास्क टीम को बड़ी सफलता मिली है। धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर संदिग्ध हालत में बैठे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके बैग से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर रेसुब पोस्ट धनबाद और CIB/DHN की टीम स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 8 के मुख्य द्वार के पास शौचालय के समीप सीमेंटेड सीट पर एक युवक काले रंग का पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। टीम ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम दीपक साह निवासी बराकर रानी बंगला, हॉस्पिटल रोड, थाना बराकर, जिला बर्धमान (पश्चिम बंगाल) बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके बैग में अंग्रेजी शराब है जिसे वह पश्चिम बंगाल के बराकर से खरीदकर धनबाद लाया था। इसके बाद वह गाड़ी संख्या 13331 पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस से बख्तियारपुर जाकर अधिक कीमत पर शराब बेचने की योजना बना रहा था।

बैग से मिली Royal Stag और Officers Choice की बोतलें

तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से कुल 11 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इनमें 6 बोतल Royal Stag Superior Whisky (750 ML) और 5 बोतल Officers Choice Elite Whisky शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 5.4 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5500 रुपये है। सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया।

उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा आरोपी

RPF ने मौके पर सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके बताए अनुसार उसके एक मित्र को भी दी गई। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी और जब्त शराब को उत्पाद विभाग धनबाद को सौंपा जाएगा।

आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला

जांच एजेंसियों द्वारा ICJS पोर्टल पर जांच करने के बाद यह जानकारी सामने आई कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....