धनबाद/बाघमारा: भारत सरकार की “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” को प्रभावी बनाने और कोयला चोरी, अवैध परिवहन व अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल धनबाद ने बुधवार को कोयलांचल के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रमुख चेक पोस्ट, रेलवे साइडिंग, कोयला डंप और ट्रांसपोर्टिंग रूट पर नाकेबंदी कर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
सीआईएसएफ ने एरिया-01 से एरिया-12 और बीके-II क्षेत्र तक अभियान चलाते हुए कुल 161 कोयला लदे वाहनों की जांच की। इनमें बड़ी संख्या में वाहनों का एम-परिवहन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन भी किया गया। जांच के दौरान सभी वाहनों के दस्तावेज और परिवहन संबंधी रिकॉर्ड सही पाए गए तथा किसी भी वाहन में दस्तावेजी विसंगति या अवैध परिवहन का मामला सामने नहीं आया।
अभियान के तहत बरोरा, गोविंदपुर, कतरास, सिजुआ, धनसार, पुटकी, बस्ताकोला, जेलगोड़ा, भौरा, सीबी और बाघमारा क्षेत्रों के चेक पोस्टों व रेलवे साइडिंग पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने बताया कि कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

