श्रावणी मेला में मिलावटखोरों पर बड़ी चोट, 1,060 किलो संदिग्ध खोया सील, मिलावटी खाद्य पदार्थ नष्ट

KK Sagar
3 Min Read

देवघर: श्रावणी मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में संदिग्ध व मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर कार्रवाई की गई।

सबसे बड़ी कार्रवाई घोरमारा (मोहनपुर) स्थित ओम जी पेड़ा शॉप में हुई। यहां पेड़ा निर्माण के लिए रखे गए करीब 1,060 किलोग्राम संदिग्ध खोया की गुणवत्ता पर संदेह होने पर पूरी खेप को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सील कर दिया गया। खोया के नमूने जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मधुबन होटल, माधुरी होटल, सिंध होटल, होटल नीलकमल, कार्तिक फूड प्लाज़ा, कामधेनु होटल, रूफ टॉप रेस्टोरेंट, विक्रम चाट भंडार, वेदा इन–द विंटेज, होटल राज और बसुकी पकौड़ी चाट समेत कई प्रतिष्ठानों की मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) से जांच की गई।

जांच में रूफ टॉप रेस्टोरेंट के 1 किलोग्राम हल्दी पाउडर में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग मेटानिल येलो की मिलावट पाई गई। साथ ही 1 किलोग्राम एक्सपायरी सूजी भी बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया।

वहीं विक्रम चाट भंडार की लगभग 10 किलोग्राम चाट और बसुकी पकौड़ी चाट की करीब 10 किलोग्राम घुघनी में भी मेटानिल येलो की मौजूदगी मिली। इसके अलावा लगभग 5 किलोग्राम पकौड़ी भी नष्ट कराई गई।

हालांकि वेदा इन–द विंटेज और होटल राज में खाद्य सुरक्षा मानकों का संतोषजनक पालन पाया गया। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि के दौरान होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों की नियमित जांच जारी रहेगी। मिलावटी, असुरक्षित अथवा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....