नीट पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, आरजेडी नेता समेत 4 गिरफ्तार

Neelam
By Neelam
4 Min Read

नीट पेपर लीक के बाद एग्जाम कैंसिल कर दिया है। जांच सीबीआई को दी गई है। इधर, मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने के नाम पर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक शख्स संतोष कुमार जायसवाल आरजेडी नेता बताए जाते हैं।

आरजेडी नेता पूरे नेक्सस का किंगपिन

बताया जा रहा है कि गिरोह नीट अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम पर ठगी करता था। इस मामले में सरगना और एक डॉक्टर समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की तरफ से गिरफ्तार चार आरोपियों में से एक राजद के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल भी हैं। पुलिस की तरफ से दावा किया जा रहा है कि जायसवाल पूरे नेक्सस का किंगपिन है।

गिरफ्तार आरजेडी नेता हैं तेजस्वी के करीबी

पेपर लीक मामले में आरजेडी नेता की गिरफ्तारी के बाद तेजस्वी बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है। कुंतल कृष्ण ने कहा कि जिस व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है वह आरजेडी का बड़ा नेता और तेजस्वी यादव का करीबी बताया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले पेपर लीक, अब एडमिशन घोटाला…यह पूरा नेटवर्क युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। बीजेपी नेताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों की भूमिका सामने लाने की मांग की है।

छात्रों के परिवारों से 20 से 30 लाख की मांग

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा से पहले कुछ नाबालिगों समेत 18 विद्यार्थियों को आरोपियों के चंगुल से बचाया गया। आरोपी छात्रों को ‘परीक्षा प्रश्न पत्र’ उपलब्ध कराने के बहाने अज्ञात स्थानों पर ले गए थे। आरोपियों ने छात्रों के परिवारों से 20 से 30 लाख रुपये की मांग की और मेडिकल कॉलेजों में सीट दिलाने की गारंटी देकर कुछ रकम पहले ही वसूल ली थी।


सूरत पुलिस की सूचना पर पकड़े गए आरोपी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि 2 मई को सूरत पुलिस से सूचना मिली थी कि दिल्ली में एक संदिग्ध गिरोह नीट के जरिए मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाने का दावा कर रहा है। इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर जांच शुरू की गई और महिपालपुर एक्सटेंशन स्थित कई होटलों में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने एक होटल में ठहरे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार चार आरोपियों में से एक राजद के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल भी हैं।

कौन है संतोष जायसवाल

फर्जीवाड़े में पकड़े गए संतोष जायसवाल मोतिहारी के घोड़हसन का रहने वाला हैं। ये दिल्ली में दवा का कारोबार करता है। संतोष जायसवाल रक्सौल विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। संतोष कुमार जायसवाल के चार भाई हैं। दूसरा भाई बैंक में काम करता है। संतोष कुमार की पत्नी और बच्चे दिल्ली में रहते हैं।

Share This Article