बिहार में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, 14 जिलों में येलो अलर्ट,50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। पिछले करीब 10 दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने भीषण गर्मी पर लगाम लगा दी है। चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को अब राहत मिल रही है और राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। अब भारतीय मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को राज्य के 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश और वज्रपात का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार सुबह सीमांचल और कोसी क्षेत्र के पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल जिले के कई इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। 

11 मई तक अलग अलग हिस्सों में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने कहा है कि नौ, 10 और 11 मई तक बिहार के अलग अलग हिस्सों में बारिश के आसार बने रहेंगे। ऐसा 10 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हो रहा है। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिख रहा है। 10 मई से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके कारण गरज-चमक, बारिश और ओले गिरने का सिलसिला 11 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। राजधानी पटना सहित दक्षिणी बिहार के जिलों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।

पिछले 24 घंटों का हाल

बीते 24 घंटों के दौरान जमुई, रोहतास और गयाजी सहित पांच जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है।  गयाजी, रोहतास और लखीसराय में बारिश के साथ बड़े ओले भी गिरे हैं। बारिश के आंकड़ों में तेतरिया सबसे आगे रहा, जहां 59.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा महाराजगंज में 54.2 मिमी, पूसा में 52.6 मिमी, दुरौंधा में 52.4 मिमी और नौतन में 48.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए रहने से धूप का असर कम रहा।

किस जिले कितना तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। वहीं बिहार का अधिकतम तापमान 29.4 से 36.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी बिहार के कुछ जिलों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई, जबकि अन्य हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर बना रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 18 से 25.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

Share This Article