Bihar:बिहार में मंडराने लगा बाढ़ का खतरा, कई जिलों में बिगड़े हालात, 38 जिलों के लिए जारी किया गया अलर्ट

Reena Sharma
2 Min Read

देश के अधिकाश हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मॉनसून की बारिश कहीं खुशहाली बनकर आई है, तो कहीं आफत लेकर आई है। मानसून के पूरे देश में पहुंचने के बाद हो रही वर्षा से कई जगह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बिहार में मानसून के कारण कई जिलों में बीते कुछ दिनों से तेज बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।मुख्य रूप से दक्षिण बिहार के जिलों में आजकल अधिक बारिश देखने को मिल रही है।

सभी जिलों में येलो अलर्ट

पटना मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज पूरे बिहार में झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसमें दक्षिण बिहार के दो जिलों में तो भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। सभी जिलों में वर्षा होने के दौरान गरज-चमक के साथ ठनका गिरने की भी संभावना है। इसीलिए सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश 

प्रदेश के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में एक-दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

बिहार की नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा

इससे पहले मंगलवार को भी पटना, भागलपुर, भोजपुर, मुंगेर और लखीसराय में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। पटना में तो बारिश की वजह से रेलवे स्टेशन सहित कई जगहों पर जलजमाव हो गया। उधर, नेपाल में हो रही भारी बारिश की वजह से बिहार की नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। इस वजह से बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रही है।

Share This Article