Bihar: बिहार चुनाव में राहुल गांधी की एंट्री, तेजस्वी संग कल करेंगे पहली सभा, एनडीए के खिलाफ बनाएंगे माहौल

Reena Sharma
3 Min Read

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 29 अक्टूबर को राष्ट्रीय जनता दल के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ चुनावी राज्य बिहार में अपनी पहली राजनीतिक रैली को संबोधित करेंगे। दोनों मुजफ्फरपुर और दरभंगा में एक साथ रैली करेंगे।

मुजफ्फरपुर की सकरा सीट पर राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव की संयुक्त सभा होगी। सकरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश कुमार राम के पक्ष में सभा कर राहुल गांधी बिहार चुनाव में अपने प्रचार की शुरुआत करेंगे। चुनाव की घोषणा के बाद राज्य में यह उनकी पहली रैली होगी। इस रैली को चुनाव से ठीक पहले विपक्षी इंडिया ब्लॉक की एकजुटता के सबसे बड़े प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

30 अक्टूबर को भी राहुल गांधी की दो सभाएं

Advertisement

पहले दिन सकरा में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोट मांगने के बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दरभंगा की एक सीट पर आरजेडी उम्मीदवार के लिए सभा करेंगे। 30 अक्टूबर को भी राहुल गांधी बिहार में दो सभाएं करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 31 अक्टूबर को गोपालगंज से प्रचार की शुरुआत करेंगे। वहीं प्रियंका गांधी 1 नवंबर से बिहार के चुनाव प्रचार में उतरेंगी।

राहुल की अनुपस्थिति से उठ रहे थे सवाल

नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सांसद की लंबी गैरमौजूदगी पर सवाल उठा रहा है। राहुल गांधी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब चुनाव प्रचार में उनकी अनुपस्थिति एक बड़ा मुद्दा बन गई थी। राहुल गांधी की वापसी को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की एक महत्वपूर्ण कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि अब तक तेजस्वी यादव अकेले ही प्रचार की कमान संभाले हुए थे।

वोटर अधिकार यात्रा में भी पहुंचे थे राहुल

महीने भर से बिहार से राहुल गांधी की दूरी को लेकर सवाल उठ रहे थे। इससे पहले 24 सितंबर को पटना में कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक के बाद राहुल गांधी ने अति पिछड़ा समुदाय के लिए इंडिया गठबंधन के घोषणापत्र को जारी किया था। इससे पहले राहुल गांधी ने बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन के ख़िलाफ 17 अगस्त से 1 सितंबर तक तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और मुकेश सहनी के साथ वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी।

Share This Article