आसनसोल में भाजपा की आंधी, टीएमसी का सूपड़ा साफ

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में पश्चिम बर्दवान जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए राजनीतिक परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है।

आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां भाजपा प्रत्याशी कृष्णेन्दु मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री मलय घटक को 11,615 वोटों के अंतर से पराजित किया। कृष्णेन्दु मुखर्जी को 1,04,516 वोट मिले, जबकि मलय घटक 92,901 वोटों पर सिमट गए। इस हार को तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

वहीं, आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की फायरब्रांड नेता अग्निमित्रा पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के भारी अंतर से हराया। अग्निमित्रा पाल को 1,19,582 वोट मिले, जबकि तापस बनर्जी को 78,743 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ अग्निमित्रा पाल लगातार दूसरी बार इस सीट से विधायक निर्वाचित हुई हैं।

अन्य सीटों पर भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। कुल्टी से डॉ. अजय कुमार पोद्दार, बराबनी से अर्जित रॉय, जमुडिया से डॉ. बिजन मुखर्जी, रानीगंज से पार्थो घोष और पांडेश्वर से जितेंद्र तिवारी ने जीत हासिल की।

जीत की घोषणा के साथ ही पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों ने आतिशबाजी, गुलाल और ढोल-नगाड़ों के साथ इस ऐतिहासिक विजय का जश्न मनाया।

इस क्लीन स्वीप को भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के लिए यह परिणाम गंभीर आत्ममंथन का संकेत दे रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....