पलामू – संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों का सम्मान, चेयरमैन अविनाश देव ने बढ़ाया हौसला

KK Sagar
2 Min Read

जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रार्थना सभा में किया गया सम्मानित

पलामू: पलामू ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संत मरियम स्कूल के खिलाड़ियों को विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि बच्चों के हाथों में सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि देश का उज्ज्वल भविष्य है। उन्होंने कहा कि संत मरियम स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और विद्यालय को गर्व है कि उसके विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

जिला स्तरीय वूशु प्रतियोगिता के सांडा स्पर्धा में हर्षि कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं छोटू कुमार और विवेक कुमार ने रजत पदक हासिल किया। कार्तिक कुमार, संकल्प वर्मा और आशीष गुप्ता ने कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके अलावा एथलेटिक्स की 200 मीटर दौड़ में अलीमा ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को एक और उपलब्धि दिलाई।

विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय प्रशिक्षक सुमित बर्मन को भी दिया। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में कई पदक जीते।

समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, अनुशासन बनाए रखने और मेहनत के दम पर अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....