धनबाद: दोनों पैरों में गोली लगने से घायल एक युवक को सोमवार को तोपचांची पुलिस ने इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने गया था और उसी दौरान तोपचांची बाजार क्षेत्र में उसके साथ गोलीबारी की घटना हुई। लेकिन पुलिस जांच में मामला पूरी तरह अलग निकला।
घायल युवक की पहचान बोकारो जिले के दुगदा निवासी रवि बक्श राय के रूप में हुई है। पुलिस जब युवक द्वारा बताए गए कथित घटनास्थल पर पहुंची तो वहां न तो खून के निशान मिले और न ही गोली का कोई खोखा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस को युवक के बयान पर संदेह हुआ और रवि व उसके साथी से गहन पूछताछ शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया कि गोलीबारी की घटना तोपचांची में नहीं, बल्कि बोकारो जिले के दुगदा कोलियरी क्षेत्र में हुई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला माइनिंग से जुड़े विवाद और आपसी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है। घटना में रवि के दोनों पैरों में गोली लगी है।
बाघमारा के एसडीपीओ लव कुमार ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से युवक द्वारा झूठी कहानी गढ़ी गई थी। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
इधर, जांच के सिलसिले में बोकारो पुलिस की एक टीम भी एसएनएमएमसीएच पहुंची और घायल युवक से पूछताछ की। वहीं बाघमारा एसडीपीओ पुलिस बल के साथ दुगदा स्थित संभावित घटनास्थल पर रवाना हुए और वहां छानबीन शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस रवि बक्श राय और उसके एक साथी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

