बिहार के हाजीपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर को लेकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अक्षयवट राय स्टेडियम से उड़ा, वह आगे बढ़ने के बजाय करीब सात मिनट तक हवा में एक ही जगह पर मंडराता रहा। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों की सांसें थम गईं।
उड़ान भरने के बाद आसमान में अटका हेलीकॉप्टर
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के तुरंत बाद कुछ मिनट तक स्टेडियम के ऊपर मंडराता रहा। हेलीकॉप्टर के अपेक्षा से अधिक समय तक हवा में रहने से मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की चिंता बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं और मैदान में मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर जाने की सलाह दी गई।
लोकेशन क्लियर होने का था इंतजार
करीब सात मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से उड़ान भरी और सुरक्षित पटना के लिए रवाना हो गया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर में किसी तरह की तकनीकी खराबी नहीं आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, पायलट को आगे की लोकेशन स्पष्ट रूप से नहीं मिल पा रही थी। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उन्होंने हेलीकॉप्टर को हवा में ही होल्ड करने का फैसला लिया। जैसे ही आगे की लोकेशन स्पष्ट हुई, हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी और सुरक्षित रवाना हो गया।
सीएम बनने के बाद पहली बार हाजीपुर पहुंचे थे सम्राट चौधरी
बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार हाजीपुर पहुंचे थे। एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला निबंधन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कई नई योजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया।

