पलामू में कांग्रेस की शोक सभा, सड़क हादसे और अन्य घटनाओं में दिवंगत लोगों को दी श्रद्धांजलि

KK Sagar
3 Min Read

मेदिनीनगर। पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक के अबादगंज स्थित आवासीय कार्यालय में शनिवार को एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटना एवं अन्य दुःखद घटनाओं में असमय दिवंगत हुए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सभा में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने 13 जून 2026 की रात उत्तर प्रदेश के देवगांव क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए हाफिज रज्जाक, एमडी कैस, सोहराब राईन, अरबाज एवं अजमल आलम को श्रद्धांजलि दी। इस दुर्घटना में कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में इन सभी की मौत हो गई थी।

इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सज्जाद खान के बड़े पुत्र के आकस्मिक निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Advertisement

इस अवसर पर बिट्टू पाठक ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह पलामू जिले के लिए अत्यंत दुःखद क्षण है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना एवं अन्य कारणों से जिन लोगों का असमय निधन हुआ है, उनकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से इन सभी की अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो पाए, जिसका उन्हें अत्यंत दुःख है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सज्जाद खान के पुत्र का निधन बेहद पीड़ादायक और हृदय विदारक है। वे वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी में एक सक्रिय पदाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे और उनका असमय जाना न केवल पार्टी बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी बड़ी क्षति है।

शोक सभा में ईश्वरी प्रसाद सिंह, समीम अहमद राईन, मिथलेश सिंह, शैलेश चंद्रवंशी, अजय साहू, विद्या सिंह चेरो, खुर्शीद आलम, तुलसी पासवान, ऊषा देवी, शंकर पाण्डेय, विभूति नारायण पाठक, मुकेश सिंह, बिकेश तिवारी, जितेंद्र तिवारी, उमेश यादव, आशीष गुप्ता, चन्दन लाल, धर्मेंद्र प्रजापति सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....