महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बिहार के वैशाली में छापा, साइबर कैफे संचालक समेत 3 गिरफ्तार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

महाराष्ट्र टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पेपर लीक के तार बिहार से जुड़े हैं। अब इस मामले में जांच के लिए महाराष्ट्र एसटीएफ की टीम वैशाली पहुंची है। एसटीएफ की टीम वैशाली पुलिस के सहयोग से नगर के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में छापेमारी की। वैशाली पुलिस की माने तो, रात लगभग एक बजे तक चली छापेमारी के बाद कैफे संचालक सोनू कुमार सहित तीन लोगों को एसटीएफ की टीम ने हिरासत में लिया है।

देर रात तक छापा

महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा से 24 घंटे पहले हुए इस पेपर लीक मामले में बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस की एक विशेष टीम ने हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और देर रात तक पुलिस की गतिविधियां जारी रहीं।

डिजिटल रिकॉर्ड और अहम दस्तावेजों की जांच

पुलिस ने साइबर कैफे को चारों ओर से घेर लिया और संचालक से लंबे समय तक गहन पूछताछ की। इस दौरान कैफे में मौजूद कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई।

पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत

पुलिस सूत्रों की माने तो इस छापेमारी के दौरान महाराष्ट्र एसटीएफ की टीम ने कई डिजिटल सबूत भी बरामद किए है, जिसकी बारीकी से जांच की जाएगी। छापेमारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक से संबंधित कागजात की जांच पड़ताल की गई है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

अब तक हुई जांच के अनुसार बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बिजेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बनकर सामने आया है। जो पहले भी कई पेपर लीक कांडों में शामिल रहा है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए भिवंडी पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बिहार के राजीव शॉ व आकाश कुमार और हरियाणा का धीरज सिंह शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये तीनों आरोपी दिल्ली से टीईटी का प्रश्नपत्र लेकर भिवंडी पहुंचे थे और इसे करीब डेढ़ करोड़ रुपये में बेचने की फिराक में थे।

परीक्षा से 24 घंटे पहले ही पेपर लीक

बता दें कि महाराष्ट्र टीईटी में 4 लाख 28 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन 28 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा से 24 घंटे पहले ही पेपर लीक हो गया। इसके बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल ने परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद महाराष्ट्र के भिवंडी में छापेमारी कर बिहार और हरियाणा के कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल महाराष्ट्र STF कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article