झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने मंगलवार को झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला एवं पदस्थापन किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यभर में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल में धनबाद जिला भी प्रमुख रूप से प्रभावित हुआ है। जारी सूची के अनुसार प्रदीप कुमार शुक्ला को अपर समाहर्ता, धनबाद बनाया गया है। वहीं रतन कुमार सिंह को विशेष अनुभाजन पदाधिकारी, धनबाद के पद पर पदस्थापित किया गया है।





इसके अलावा अविनंदन कुमार ओझा को अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), धनबाद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुशील कुमार मुखर्जी को जिला पंचायत राज पदाधिकारी, धनबाद बनाया गया है।
अंचल स्तर पर भी बदलाव किया गया है। यशवंत कुमार सिन्हा (राजस्व सेवा) को अंचल अधिकारी, गोविंदपुर (धनबाद) के पद पर पदस्थापित किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

