ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना का प्रचार तेज, जागरूकता रथ को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी

KK Sagar
2 Min Read

पलामू: झारखंड सरकार की ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पलामू समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर इस जागरूकता अभियान की शुरुआत की।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित यह योजना उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।

जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और शैक्षणिक संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देगा। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

ई-कल्याण पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित तिथियां इस प्रकार हैं—

शैक्षणिक संस्थानों के पंजीकरण की अंतिम तिथि — 30 जून 2026

छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि — 31 जुलाई 2026

इंस्टिट्यूट नोडल ऑफिसर द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि — 31 अगस्त 2026

जिला नोडल ऑफिसर द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि — 30 सितंबर 2026

प्रशासन ने आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को आधार आधारित बैंक खाता KYC सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही गलत या त्रुटिपूर्ण जानकारी देने पर आवेदन रद्द किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।

ई-कल्याण छात्रवृत्ति योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं ई-कल्याण पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....