धनबाद – NGT के नियम धरे रह गए! अवैध खनिज परिवहन पर खनन विभाग ने मारा छापा, बालू लदा ट्रैक्टर और स्टोन चिप्स भरा हाईवा जब्त

KK Sagar
2 Min Read

एनजीटी के नियमों के बावजूद जारी था अवैध खनिज परिवहन, खनन विभाग की औचक कार्रवाई से मचा हड़कंप

धनबाद: राज्य में एनजीटी के नियम प्रभावी होने के बावजूद अवैध बालू खनन और खनिज परिवहन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को धनबाद में खनन विभाग ने औचक जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान बिना वैध दस्तावेज के परिवहन किए जा रहे 100 CFT बालू लदे एक ट्रैक्टर और स्टोन चिप्स से भरे एक हाईवा को जब्त कर लिया गया।

खनन विभाग की टीम ने शक्ति चौक के समीप जांच के दौरान एक ट्रैक्टर को रोका, जिसमें करीब 100 CFT बालू लदा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बालू कथित तौर पर नदी घाट से बिना वैध अनुमति के निकाला गया था और उसका परिवहन किया जा रहा था।

इसी अभियान के दौरान हाईवा (JH10 AZ 6198) को भी जांच के लिए रोका गया। वाहन में स्टोन चिप्स लदा था, लेकिन चालक वैध चालान और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में खनन विभाग ने हाईवा को भी जब्त कर लिया।

दोनों वाहन तेतूलमारी थाना भेजे गए

खनन विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए तेतूलमारी थाना के सुपुर्द कर दिया है। मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अभियान लगातार रहेगा जारी

खनन विभाग के खान निरीक्षक श्याम नंदन सिंह ने बताया कि अवैध खनन और बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर अवैध खनिज कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....