MRP से ज्यादा वसूली पड़ी भारी, धनबाद स्टेशन का स्टॉल एक दिन के लिए सील

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से मनमानी वसूली करने वालों पर रेल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एक यात्री से कोल्ड ड्रिंक के निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे लेने की शिकायत मिलने के बाद धनबाद रेल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्टॉल को एक दिन के लिए बंद कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, धनबाद रेलवे स्टेशन पर एक स्टॉल वेंडर द्वारा यात्री से तय कीमत से ज्यादा राशि वसूलने की शिकायत रेल प्रशासन तक पहुंची थी। शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित स्टॉल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से अतिरिक्त वसूली, अनियमितता या उपभोक्ता हितों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे लगातार स्टेशन परिसर में पारदर्शिता बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर सतर्क है।

अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि यदि स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग या अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....