देवघर बाबा धाम में आस्था का सैलाब: 23 दिनों में 51 लाख कांवरियों का जलार्पण, 8.23 करोड़ पहुँचा चढ़ावा

Reena Sharma
3 Min Read

मासव्यापी श्रावणी मेला के दौरान बीते 23 दिनों में 51 लाख 12 हजार 531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। इसमें बाह्य एवं आंतरिक अर्घा के माध्यम से जलार्पण करने वाले श्रद्धालु शामिल हैं। वहीं मंदिर में विभिन्न मदों से 8 करोड़ 23 लाख 47 हजार 741 रुपये की आय प्राप्त हुई है। यह जानकारी जिला प्रशासन की ओर से मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने दी।

उपायुक्त ने श्रावणी मेला के पिछले एक सप्ताह की प्रगति और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार कार्य किया जा रहा है।
राजस्व आंकड़ों का ब्योरा देते हुए उपायुक्त ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा अन्य राज्यों में निबंधित व्यावसायिक वाहनों से राज्य प्रवेश शुल्क के रूप में 70 लाख 09 हजार 800 रुपये की प्राप्ति हुई है। पेड़ा, सिंदूर समेत अन्य व्यवसायिक गतिविधियों से प्राप्त आय को जोड़ने पर कुल 3 करोड़ 10 लाख 58 हजार रुपये की प्राप्ति हुई है। वहीं अस्थायी विद्युत व्यवस्था के माध्यम से 73 लाख 27 हजार 830 रुपये की आय दर्ज की गई है। नगर निगम की ओर से भी विभिन्न मदों, जिसमें अंतरराज्यीय बस पड़ाव, शौचालय समेत अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं, से राजस्व प्राप्त हुआ है।

पुलिस और कानून व्यवस्था पर बात करते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेला के दौरान पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार मुस्तैद है। व्यवस्था के दौरान सामने आई कमियों को भी चिन्हित कर उन्हें दूर किया जाएगा।

स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने मेला के दौरान की गई व्यवस्थाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, शौचालय, बस पड़ाव सहित अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।

प्रेस वार्ता के अंतिम चरण में अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, डीपीआरओ रवि कुमार, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, डीपीआरओ राहुल भारती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article