जांच के लिए निजी जांचघर लाया गया पूर्व विधायक संजीव सिंह को : पत्नी रागिनी सिंह ने कहा तबियत बिगड़ने के कारण आज भी ठीक से नही हो पाया उनका MRI
1 min read
रागिनी सिंह ने लगाया आरोप कि सत्ता में बैठे कुछ लोग नहीं चाहते हैं कि उनके पति का बेहतर तरीके से इलाज हो
मिरर मीडिया : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड मामले में धनबाद जेल में गत 6 साल से बंद झरिया से पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह बीमार होने के कारण उनका इलाज धनबाद के SNMMCH में चल रहा है।
धनबाद कोर्ट ने बेहतर इलाज के लिए जेल प्रबंधन को पिछले दिनों फटकार लगाई थी। जिसके बाद सोमवार को उन्हें धनबाद के एक निजी जांच घर में अल्ट्रासाउंड और MRI के लिए ले जाया गया। जांच के बाद पुनः उन्हें SNMMCH भेज दिया गया।

वही मीडिया से बात करते हुए उनकी पत्नी एवं भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने कहा कि आज भी उनका MRI ठीक से नही हो पाया। उनकी शारीरिक स्थिति एवं तबियत बिगड़ने लगी तो उन्हें एम आर आई मशीन से बाहर निकाल दिया गया।

रागिनी सिंह ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे कुछ लोग नहीं चाहते हैं कि उनके पति का बेहतर तरीके से इलाज हो, इसलिए इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही है। उन्हें जानबूझकर अपने खर्च पर इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि संजीव सिंह जेल में कुर्सी से गिर गए थे जिस कारण उन्हें अंदरूनी चोट आई थी और उन्हें इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया। वहीं कुछ दिन पहले ही संजीव सिंह ने कोर्ट में आवेदन देकर इच्छा मृत्यु की मांग की थी जिसे कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया। इधर रागिनी सिंह ने यहाँ बेहतर इलाज ना किये जाने का आरोप लगाया जबकि अपने खर्चे पर किसी दूसरे राज्य जाने की मांग की है।