डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अगर आप साल 2027 में पवित्र हज यात्रा पर जाने की ख्वाहिश रखते हैं, तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधीन हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य जायरीन ऑफिशियल वेबसाइट या हज सुविधा मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से आवेदन कर सकते हैं।
डेडलाइन का रखें खास ध्यान: 20 जुलाई आखिरी तारीख
हज कमेटी ऑफ इंडिया के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 22 जून से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई (रात 11:59 बजे तक) तय की गई है। कमेटी ने साफ तौर पर स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में आवेदन की तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
जुलाई के आखिरी हफ्ते में डिजिटल लॉटरी
आवेदन फॉर्म जमा होने के बाद स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जिसके जरिए भाग्यशाली यात्रियों का चुनाव होगा।
सीट कैंसिल कराई तो भुगतना होगा जुर्माना!
हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाहनवाज सी ने एक महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की है। अधिसूचना के मुताबिक अगर कोई आवेदक चयन होने के बाद अपनी हज सीट निरस्त कराता है, तो हज-2027 के नियमों के तहत उसे आर्थिक दंड देना होगा। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पूरी तैयारी और दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही फॉर्म भरें।
एडवांस रकम और जरूरी दस्तावेज
चयनित होने वाले प्रत्येक हज यात्री को अग्रिम राशि के रूप में ₹1,52,300 जमा करने होंगे। यह राशि 10 अगस्त तक अनिवार्य रूप से जमा करानी होगी। फॉर्म भरते समय कुछ दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करना अनिवार्य है।
अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट: जो कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक वैध होना चाहिए।
पासपोर्ट साइज फोटो: (सफेद बैकग्राउंड के साथ, साइज 5-20 केबी)।
बैंक पासबुक या निरस्त चेक : (साइज 80-250 केबी)।
पते का प्रमाण पत्र
केवल ओरिजिनल दस्तावेजों की स्कैन कॉपी ही मान्य होगी। फोटोकॉपी या सामान्य तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी।

