पलामू में मुहर्रम पर निकला पारंपरिक ताजिया जुलूस, गदका खेल ने बांधा समां

KK Sagar
3 Min Read

चियांकी पंचायत में श्रद्धा, अनुशासन और सांप्रदायिक सौहार्द के बीच निकला जुलूस, हजारों लोग हुए शामिल।

पलामू जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत चियांकी पंचायत स्थित मिशन मोड़ से मुहर्रम के अवसर पर पारंपरिक ताजिया जुलूस श्रद्धा, अनुशासन और आपसी भाईचारे के माहौल में निकाला गया। जुलूस का शुभारंभ सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी और समाजसेवी सह झामुमो नेता दीपक तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दोनों ने पारंपरिक गदका खेल का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुहर्रम के अवसर पर निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। युवाओं ने गदका, लाठी और अन्य पारंपरिक युद्ध कलाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता, अनुशासन और सांप्रदायिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Advertisement

इस अवसर पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने कहा कि मुहर्रम सत्य, न्याय, त्याग और मानवता की रक्षा के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। कर्बला की शहादत पूरी दुनिया को यह संदेश देती है कि अन्याय और अत्याचार के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से प्रेम, भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की।

समाजसेवी सह झामुमो नेता दीपक तिवारी ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन की शहादत पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और इंसाफ के मार्ग पर अडिग रहने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का वास्तविक संदेश समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सत्य, न्याय, मानवता और सांप्रदायिक सौहार्द की रक्षा का संकल्प लिया। आयोजन का समापन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर सदर थाना के अवर निरीक्षक शमाल अहमद, मुहर्रम कमेटी के सदर परवेज अख्तर, मुमताज अंसारी, यासीन अंसारी, चियांकी मुखिया बिंको उरांव, उमेश उरांव, हसबुद्दीन अंसारी, पंचायत समिति सदस्य सतीश तिवारी, व्यवसायी चंद्रशेखर मेहता सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....